Friday, October 16, 2009

मोहनचंद त्रिपाठी के श्रंगार परक दोहे

गोरी छज्जे पर खड़ी फैला चंद्रप्रकाश।
सूरज भौचक सोचता, ले लूँ क्या अवकाश।
नयनों से हिय में उतर काबिज अंग -अनंग,
ग्रामसभा की भूमि ज्यों, कब्जा करे दबंग।
बौरी सी दौरी फिरें छिन अन्दर छिन द्वार,
पिया चले परदेश से. तन छू गयी बयार।
नासा वारूँ कीर को होंठ विम्बफल आज,
हिरन निछावर नयन पे कटि लज्जित मृगराज ।

गोरी खड़ी अलिंद में रही केश छितराय,
बेमौसम बदली हुई, चातक मन हरसाय ।
नदी नहा गोरी खडी बूंदे झलकी गात ,
कोई मोती धर गया जैसे पुरइन पात।
गोरी तेरे रूप का सदाई है गांव,
पनघट का जल भी मगन छू कर तेरे पांव ।




म

No comments: