
आधुनिकता का ऐसा नशा लोगों पर चढ़ रहा है कि लोग अपनी परम्परा को भूल गये हैं। दीपावली का पर्व भी फैशन की गिरफ्त में है। मिट्टी के दीयों, जो हमारी संस्कृति का हिस्सा रहे हैं, के स्थान पर रंग-बिरंगे बिजली के झालर, मोमबत्ती, बल्ब ने ले लिए हैं। वह भी अवध में, जहाँ यह पर्व विजय का प्रतीक है, राम का रावण पर, न्याय का अन्याय पर, धर्म का अधर्म पर, देव का राछस पर, नीति का अनीत पर। इसी दिन राम लौटे थे लंका पर विजय कर। उसी का प्रतीक है प्रकाश पर्व। फ़िर भी हम भूल गये उस सुखद अहसास को, याद रहा दिखावा, प्रदर्शन, निकट के लोगों से ताक़तवर दिखने की ललक। पटाखों की तेज आवाज सत्य का उदघोष नहीं अंहकार की गर्जना बन कर रह गयी । ये हालत चिंतित करती है, हमें भी और आप को भी! या यूँ कहें हर जागरूक नागरिक को। आइये ! इस दीपावली पर हम सभी संकल्प लें कि दूसरों के घरों में अपने
अंहकार का अँधेरा नहीं बलिक प्रेम का, करुणा का, दया का, बंधुत्व की ज्योति जलाने का।-मुकेश

No comments:
Post a Comment